
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : संजय जोशी

दैनिक समाचार पत्र अमर उजाला की ओर से आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह-2026 में राजकीय इंटर कॉलेज बग्वालीपोखर के प्रधानाचार्य अजय जोशी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया।

हल्दूचौड़ स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के सभागार में आयोजित समारोह में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने प्रधानाचार्य अजय जोशी को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।


समारोह में कुमाऊं मंडल के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य तथा उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत से जुड़े अनेक लोग मौजूद रहे।


इस अवसर पर शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ ही उनके व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें बेहतर नागरिक बनाने में शिक्षकों की अहम भूमिका होती है।


उन्होंने शिक्षकों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि बदलते समय के साथ शिक्षकों की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो गई है।

प्रधानाचार्य अजय जोशी लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने में उनके योगदान को सराहा गया है।



सम्मान मिलने पर अजय जोशी ने अमर उजाला समूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी।

प्रधानाचार्य अजय जोशी को सम्मान मिलने पर जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संगठनों, विद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

