
स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

मानसून की विदाई के साथ तराई पश्चिम वन प्रभाग के फाटो और हाथी डंगर इको टूरिज्म जोन एक अक्टूबर से पर्यटकों के लिए दोबारा खोल दिए गए हैं। पहले ही दिन जंगल सफारी को लेकर पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। विधायक दीवान सिंह बिष्ट और डीएफओ तराई पश्चिमी पुनीत तोमर ने पर्यटन सीजन का शुभारंभ किया।

फाटो पर्यटन जोन में सुबह की पाली में 50 और शाम की पाली में 50 जिप्सियों को सफारी की अनुमति दी गई है। वहीं हाथी डंगर जोन में सुबह और शाम की पाली में 25-25 जिप्सियां पर्यटकों को जंगल भ्रमण कराएंगी। लंबे अंतराल के बाद जोन खुलने से जंगल क्षेत्र में एक बार फिर पर्यटन गतिविधियां शुरू हो गई हैं।


इस बार फाटो आने वाले पर्यटकों के लिए नाइट सफारी और रात्रि विश्राम भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां दो ट्री हाउस में तीन कक्ष, पांच इको हट, ब्रिटिश बिल्डिंग में चार कक्ष, ओल्ड बिल्डिंग में दो कक्ष और पांच टेंट हाउस सहित कुल 19 कक्ष पर्यटकों के लिए उपलब्ध हैं।


नए पर्यटन सीजन में मोबाइल फोन को लेकर भी सख्त नियम लागू किए गए हैं। जंगल सफारी के दौरान पर्यटक मोबाइल फोन अपने साथ नहीं ले जा सकेंगे। उन्हें प्रवेश से पहले फोन निर्धारित लॉकर में जमा करना होगा।


सुबह की पाली में जंगल सफारी के लिए पहुंचे दिल्ली के पर्यटकों ने बताया कि वे बच्चों को जंगल और वन्यजीव दिखाने के उद्देश्य से यहां आए हैं। पर्यटकों ने खास तौर पर टाइगर देखने को लेकर उत्साह जताया और जंगल सफारी को रोमांचक अनुभव बताया।

पर्यटन जोन खुलने से नेचर गाइड, जिप्सी चालक और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों में भी खुशी है। उनका कहना है कि मानसून के कारण लंबे समय तक गतिविधियां बंद रहने के बाद अब एक बार फिर उन्हें रोजगार से जुड़ने का अवसर मिला है।



विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि बारिश के कारण सफारी मार्गों को नुकसान पहुंचा था, जिन्हें ठीक करने के बाद जोन को पर्यटकों के लिए खोला गया है। उन्होंने कहा कि पर्यटक क्षेत्र के मेहमान हैं और उनके साथ अच्छा व्यवहार किया जाना चाहिए, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने कहा कि पर्यटन से केवल गाइड और जिप्सी चालक ही नहीं, बल्कि जिप्सी मालिक, मैकेनिक, चाय-रेस्टोरेंट संचालक और स्थानीय दुकानदारों समेत बड़ी संख्या में लोग जुड़े हैं। फाटो और हाथी डंगर जोन खुलने के बाद स्थानीय कारोबारियों को आने वाले सीजन में रोजगार और व्यवसाय बढ़ने की उम्मीद है।

