
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी आज उत्तराखंड दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनके इस दौरे में देहरादून में संगठनात्मक बैठक, पदाधिकारियों से परिचय और मीडिया से संवाद के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। रूपकुमारी चौधरी को अगस्त 2026 में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।

दौरे के कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12:30 बजे देहरादून नगर निगम टाउन हॉल में भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ उनकी परिचयात्मक बैठक होगी। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और महिला मोर्चा से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।


नगर निगम टाउन हॉल में बैठक के बाद रूपकुमारी चौधरी मीडिया से भी बातचीत करेंगी। प्रेस वार्ता के दौरान महिला मोर्चा की आगामी कार्ययोजना और संगठन से जुड़े विषयों पर उनका पक्ष सामने आ सकता है।


दोपहर करीब 3 बजे रूपकुमारी चौधरी बलवीर रोड स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचेंगी। यहां प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों और महिला मोर्चा के नेताओं के साथ उनकी मुलाकात का कार्यक्रम है।


भाजपा ने हाल में अपने राष्ट्रीय संगठन में बदलाव करते हुए रूपकुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की कमान सौंपी है। वह छत्तीसगढ़ से सांसद हैं और पार्टी की नई राष्ट्रीय संगठनात्मक टीम में महिला मोर्चा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

प्रदेश भाजपा संगठन में भी इन दिनों बैठकों और संगठनात्मक कार्यक्रमों का दौर चल रहा है। दो अक्टूबर से भाजपा के नए प्रदेश प्रभारी राम माधव तथा सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज का भी देहरादून दौरा प्रस्तावित है।



देहरादून के कार्यक्रमों के बाद शाम करीब 5 बजे रूपकुमारी चौधरी ऋषिकेश के लिए रवाना होंगी। शाम 6 बजे उनके त्रिवेणी घाट पहुंचने का कार्यक्रम है।
ऋषिकेश में रूपकुमारी चौधरी गंगा दर्शन करेंगी और त्रिवेणी घाट की गंगा आरती में शामिल होंगी। इसके साथ ही उनका उत्तराखंड दौरे का दिनभर का कार्यक्रम संपन्न होगा।

