
स्थान : लक्सर
ब्यूरो रिपोर्ट

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा हरिद्वार ग्रामीण, लक्सर और खानपुर विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर स्वागत की तैयारियां की हैं।

यात्रा के दौरान हरीश रावत स्थानीय लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। लक्सर विधानसभा क्षेत्र में दोपहर करीब 3 बजे जनसंवाद प्रस्तावित है, जबकि इसके बाद यात्रा खानपुर की ओर बढ़ेगी।


खानपुर विधानसभा क्षेत्र में शाम करीब 4:30 बजे जनसंवाद और कार्यकर्ताओं के जुटान का कार्यक्रम रखा गया है। लक्सर से खानपुर चौराहे तक यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत की तैयारी की गई है। स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय जनता से यात्रा में शामिल होने की अपील भी की है।


यह यात्रा ऐसे समय हो रही है जब उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां धीरे-धीरे बढ़ रही हैं। हरिद्वार जिले में हरीश रावत की सक्रियता को लेकर भी राजनीतिक चर्चा तेज है।


हाल में हरीश रावत ने हरिद्वार जिले की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा सार्वजनिक रूप से जताई थी। हालांकि उन्होंने किसी एक विधानसभा सीट का नाम तय नहीं किया है और कांग्रेस की ओर से भी उनकी उम्मीदवारी को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

इसी के चलते खानपुर, लक्सर और हरिद्वार ग्रामीण क्षेत्र में उनकी यात्रा को लेकर विभिन्न राजनीतिक चर्चाएं सामने आ रही हैं। किसी संभावित सीट या चुनावी रणनीति को लेकर फिलहाल पार्टी स्तर पर कोई औपचारिक फैसला सार्वजनिक नहीं किया गया है।



यात्रा के दौरान खानपुर क्षेत्र के किसी वरिष्ठ नेता के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाएं भी चल रही हैं। हालांकि इसे लेकर कांग्रेस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक नाम या पुष्टि सामने नहीं आई है, इसलिए स्थिति कार्यक्रम के दौरान ही स्पष्ट होने की संभावना है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए यह यात्रा जनसंपर्क और संगठनात्मक संवाद का अवसर मानी जा रही है। हरीश रावत अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय मुद्दों, कार्यकर्ताओं की राय और जनता से संवाद के जरिए अपनी राजनीतिक सक्रियता को आगे बढ़ा रहे हैं।

