
स्थान : ऋषिकेश
ब्यूरो रिपोर्ट

बरसात के चलते जुलाई से बंद तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो और हाथीडंगर इकोटूरिज्म जोन 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए दोबारा खोल दिए गए हैं। नए पर्यटन सीजन के साथ वन विभाग ने दोनों जोन में कई नए नियम लागू किए हैं, जिनका पालन पर्यटकों और सफारी संचालकों को करना होगा।

इस बार सबसे बड़ा बदलाव सफारी के दौरान मोबाइल फोन, स्टील्थ कैमरा और बॉडी कैम के इस्तेमाल पर प्रतिबंध है। पर्यटक अपने मोबाइल और अन्य प्रतिबंधित उपकरण प्रवेश द्वार पर बनाए गए लॉकर में सुरक्षित रख सकेंगे। नाइट सफारी वाले वाहनों में भी पोर्टेबल लॉकर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।


फाटो पर्यटन जोन में प्रतिदिन सुबह की पाली में 50 और शाम की पाली में 50 जिप्सियों को जंगल सफारी की अनुमति दी जाएगी। वहीं हाथीडंगर जोन में सुबह 25 और शाम 25 वाहन पर्यटकों को सफारी पर ले जा सकेंगे। फाटो जोन वन्यजीव प्रेमियों के बीच लोकप्रिय पर्यटन स्थल के रूप में जाना जाता है।


फाटो में पर्यटक इस सीजन से डे सफारी के साथ रात्रि विश्राम का भी आनंद ले सकेंगे। जोन में पर्यटकों के लिए कुल 19 कमरे उपलब्ध हैं। इनमें दो ट्री हाउस में तीन कक्ष, पांच इको हट, ब्रिटिशर बिल्डिंग में चार कक्ष, ओल्ड बिल्डिंग में दो कक्ष और पांच टेंट हाउस शामिल हैं।


पर्यटक डे सफारी और रात्रि विश्राम के लिए ऑनलाइन बुकिंग भी कर सकते हैं। वन विभाग की ओर से पर्यटन क्षेत्र में पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। पर्यटक अपनी पानी की बोतल को प्रवेश द्वार पर उपलब्ध पानी से भर सकेंगे।

तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि फाटो और हाथीडंगर जोन को जुलाई से सितंबर तक बंद रखने का उद्देश्य बरसात के दौरान वन्यजीवों को राहत देने के साथ पर्यटन और संरक्षण व्यवस्थाओं को बेहतर करना था। बारिश के दौरान जंगल की सड़कों पर वाहनों के फंसने का खतरा भी अधिक रहता है।



डीएफओ के अनुसार मोबाइल, स्टील्थ कैमरा और बॉडी कैम पर प्रतिबंध का उद्देश्य विभागीय व्यवस्था को अनावश्यक शिकायतों में उलझने से बचाना और वन्यजीव संरक्षण तथा पर्यटन प्रबंधन पर अधिक ध्यान केंद्रित करना है। सफारी वाहनों के पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है और दस्तावेजों की जांच चल रही है।

दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद केवल पंजीकृत और मानकों पर खरे उतरने वाले वाहनों को ही पर्यटन जोन में प्रवेश दिया जाएगा। 1 अक्टूबर को विधायक की मौजूदगी में दोनों जोन के गेट विधिवत रूप से पर्यटकों के लिए खोले जाने के साथ ही जंगल सफारी, नाइट स्टे और नए नियमों के साथ नया पर्यटन सीजन शुरू हो गया।

