
स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है और अब तक 50 लाख से अधिक श्रद्धालु विभिन्न धामों में दर्शन कर चुके हैं।


पर्यटन मंत्री के अनुसार यमुनोत्री धाम में अब तक 6 लाख 98 हजार 332 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं गंगोत्री धाम में 7 लाख 79 हजार 684 श्रद्धालुओं की आमद दर्ज की गई है।




उन्होंने बताया कि केदारनाथ धाम में अब तक 14 लाख 90 हजार 513 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं, जबकि बद्रीनाथ धाम में 17 लाख 17 हजार 923 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।


इसके अलावा हेमकुंड साहिब में भी इस सीजन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। यहां अब तक 3 लाख 15 हजार 261 श्रद्धालुओं ने मत्था टेका है।


सतपाल महाराज ने बताया कि यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ, बद्रीनाथ और हेमकुंड साहिब को मिलाकर अब तक कुल 50 लाख 1 हजार 713 दर्शनार्थी धार्मिक यात्रा का लाभ ले चुके हैं। उन्होंने इसे प्रदेश के धार्मिक पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

पर्यटन मंत्री ने नीम करोली बाबा से जुड़े धार्मिक स्थलों को लेकर भी नई योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाबा नीम करोली के कैंची धाम स्थित आश्रम, ककड़ी घाट, ऋषिकेश और उत्तराखंड के अन्य प्रमुख स्थलों को जोड़कर नया ‘दर्शन सर्किट’ विकसित करने का निर्णय लिया गया है।



उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को व्यापक स्वरूप देने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी चर्चा की गई है। योजना के तहत उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बाबा नीम करोली से जुड़े प्रमुख साधना और धार्मिक स्थलों को एक सर्किट से जोड़ने की तैयारी है।


प्रस्तावित सर्किट में मथुरा, लखनऊ स्थित हनुमान मंदिर और अन्य प्रमुख स्थलों को शामिल करने पर विचार किया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को बाबा नीम करोली से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों के दर्शन एक संगठित धार्मिक यात्रा के रूप में उपलब्ध कराना है।
पर्यटन मंत्री ने विश्वास जताया कि नीम करोली बाबा दर्शन सर्किट विकसित होने से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नया विस्तार मिलेगा। साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान, ज्ञान और आध्यात्मिक शिक्षा से जुड़े स्थलों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

