हल्द्वानी में भाजपा की मैराथन बैठकें, संगठन मजबूती पर रहा फोकस

हल्द्वानी में भाजपा की मैराथन बैठकें, संगठन मजबूती पर रहा फोकस

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने हल्द्वानी में आयोजित पार्टी की बैठकों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठनात्मक स्तर पर कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए।

उन्होंने बताया कि बैठकों में प्रदेशभर से आए जिलाध्यक्षों, प्रभारियों, सह-प्रभारियों, प्रदेश पदाधिकारियों, विधायकों, मंत्रियों और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठकों का उद्देश्य संगठन को और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरना रहा।

प्रदेश प्रवक्ता के मुताबिक बैठकें सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक अलग-अलग सत्रों में चलीं। प्रत्येक सत्र में संगठन और आगामी रणनीति से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

दोपहर दो बजे तक चले सत्रों में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। इस दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति और आगे की प्राथमिकताओं पर भी विचार किया गया।

इसके बाद दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का विशेष सत्र आयोजित हुआ। इस सत्र में उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

नवीन ठाकुर ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन और आम जनता के बीच संपर्क को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों को जिलों में अधिक प्रवास करने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद बढ़ाने का संदेश दिया।

शाम के समय जिलाध्यक्षों और प्रभारियों की अलग बैठक आयोजित की गई। इसमें जिला स्तर पर संगठन की गतिविधियों, जिम्मेदारियों और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

इसके बाद देर रात तक कोर कमेटी की बैठक चली। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर मंथन किया और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया।

प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कहा कि अलग-अलग सत्रों में सभी पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और कार्यों की रूपरेखा समझाई गई। उनका कहना है कि इन बैठकों से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में काम तेज किया जाएगा।