
स्थान : चमोली
रिपोर्टर : विनोद पांडे


मां नन्दा जात यात्रा को सुरक्षित, सकुशल और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए चमोली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत कर दी है। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस एवं एसडीआरएफ के जवान लगातार तैनात हैं।


इसी क्रम में शुक्रवार 11 सितंबर को पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने चेपड़ो में यात्रा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग की। उन्होंने जवानों को हर परिस्थिति में सतर्क रहते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।



मां नन्दा जात यात्रा पांच सितंबर से शुरू हुई है। तीनों देव डोलियों के साथ चमोली पुलिस और एसडीआरएफ के जवान दुर्गम पहाड़ी रास्तों, कठिन चढ़ाई-उतराई और बारिश के बीच श्रद्धालुओं के साथ पैदल चलते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।



आगे की यात्रा को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए थराली क्षेत्र के यात्रा मार्ग को एक जोन और चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।



यात्रा मार्ग पर एक अपर पुलिस अधीक्षक, तीन पुलिस उपाधीक्षक, पांच निरीक्षक, 28 उपनिरीक्षक एवं अपर उपनिरीक्षक, 128 हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल तथा 14 महिला कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा यातायात पुलिस के 12 जवान भी व्यवस्था संभाल रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था में आईआरबी की दो प्लाटून, एसडीआरएफ की तीन टीमें, फायर सर्विस की एक यूनिट और दूरसंचार की टीमें भी लगाई गई हैं। आपात स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों को समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।



एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि मां नन्दा जात यात्रा आस्था से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील यात्रा है। वर्तमान में बारिश के कारण यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर फिसलन, दुर्गम पैदल रास्ते और कठिन चढ़ाई-उतराई जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां बनी हुई हैं।


उन्होंने कहा कि मौसम और भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। पुलिस का प्रयास है कि यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंचे।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आशीष भारद्वाज, एसडीएम कर्णप्रयाग अलकेश नोडियाल, एसडीएम थराली यशवीर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक राजेश शाह, पुलिस उपाधीक्षक सुशील रावत, एसडीओ जुगल किशोर, तहसीलदार थराली अक्षय पंकज, प्रधानाचार्य दिगपाल सिंह गड़िया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

