
स्थान : कालाढूंगी
ब्यूरो रिपोर्ट


छोई क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या से परेशान ग्रामीण बुधवार को सामाजिक कार्यकर्ता राहुल सिंह दरम्वाल के नेतृत्व में बैलपड़ाव स्थित बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।


ग्रामीणों ने जेई के माध्यम से अधिशासी अभियंता को भेजे ज्ञापन में क्षेत्र में लो वोल्टेज, ट्रांसफार्मर की खराबी और बार-बार बिजली गुल होने की समस्या के समाधान की मांग की।



ग्रामीणों का कहना है कि छोई क्षेत्र के ग्राम गजपुर में पिछले करीब तीन महीनों से बिजली की समस्या लगातार बनी हुई है। कभी लो वोल्टेज की स्थिति रहती है तो कभी ट्रांसफार्मर से पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।



बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण ग्रामीणों को घरेलू कामकाज के साथ ही अन्य जरूरी कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से रात के समय बिजली गायब रहने से लोगों की दिक्कतें बढ़ रही हैं।


समस्या से परेशान दर्जनों ग्रामीण सामाजिक कार्यकर्ता राहुल दरम्वाल के साथ बिजली विभाग के कार्यालय पहुंचे और विभागीय अधिकारियों के सामने अपनी परेशानी रखी।

राहुल दरम्वाल ने कहा कि गांव में लंबे समय से बिजली की दिक्कत बनी हुई थी। कई बार समस्या सामने आने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं हो सका, जिसके चलते ग्रामीणों को विभाग के कार्यालय पहुंचना पड़ा।



उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने अपनी समस्या लिखित रूप में विभाग को सौंपते हुए जल्द से जल्द ट्रांसफार्मर और लो वोल्टेज की समस्या दूर करने की मांग की है।

बिजली विभाग की ओर से ग्रामीणों को आश्वासन दिया गया कि उनकी शिकायत पर जल्द कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को पहले की तरह सुचारू करने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि विभाग इस बार उनकी समस्या का स्थायी समाधान करेगा। उन्होंने कहा कि यदि बिजली आपूर्ति जल्द सामान्य नहीं हुई तो उन्हें आगे भी विभाग के समक्ष अपनी मांग उठानी पड़ेगी।

