मौसम खुलते ही बद्रीनाथ धाम में लौटी रौनक, चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार

मौसम खुलते ही बद्रीनाथ धाम में लौटी रौनक, चारधाम यात्रा ने पकड़ी रफ्तार

स्थान : बद्रीनाथ
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड में मौसम खुशगवार होने के बाद एक बार फिर चारधाम यात्रा ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। मौसम साफ होने से तीर्थयात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और धामों में फिर से रौनक लौटने लगी है।

भू-बैकुंठ नगरी श्री बद्रीनाथ धाम में भी सुहावने मौसम के बीच बुधवार 9 सितंबर को तीर्थयात्रियों की अच्छी-खासी चहल-पहल देखने को मिली। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए धाम पहुंचे।

बुधवार को करीब 4500 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए। मौसम अनुकूल रहने के कारण श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में भी सुविधा मिली और पूरे दिन धाम में भक्तिमय माहौल बना रहा।

कपाट खुलने से लेकर अब तक बद्रीनाथ धाम में करीब 17 लाख श्रद्धालु भगवान श्री हरि नारायण के दर्शन का पुण्य लाभ अर्जित कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की यह संख्या यात्रा को लेकर लोगों की आस्था और उत्साह को दर्शाती है।

मानसून के दौरान खराब मौसम और बारिश के कारण यात्रा की रफ्तार कुछ धीमी हुई थी, लेकिन अब मौसम खुलते ही धाम में एक बार फिर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने बताया कि आने वाले दिनों में श्राद्ध पक्ष के दौरान तीर्थयात्रियों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि श्राद्ध पक्ष में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंचते हैं। श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन-पूजन के साथ अपने पूर्वजों और पितरों की शांति के लिए धार्मिक अनुष्ठान करते हैं।

बद्रीनाथ स्थित प्रसिद्ध ब्रह्मकपाल तीर्थ में श्राद्ध पक्ष के दौरान तर्पण, पिंडदान और अन्य धार्मिक कर्मकांड के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसी को देखते हुए आने वाले दिनों में धाम में यात्रियों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

बीकेटीसी ने मानसून के बाद शुरू हो रहे चारधाम यात्रा के दूसरे चरण को लेकर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर दी हैं। बदरी-केदार धामों में दर्शन-पूजन, धर्मशालाओं और गेस्ट हाउस समेत अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाते हुए तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए पूरी तैयारी की गई है।