
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना


हल्द्वानी में भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति के आखिरी सत्र में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर व्यापक मंथन किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के निर्देश दिए।


बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने विशेष रूप से बूथ और शक्ति केंद्रों की मजबूती पर जोर दिया। पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की पकड़ प्रत्येक बूथ स्तर तक मजबूत की जाए।



राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि चुनावी तैयारियों में बूथ स्तर की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। इसके लिए स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने पर जोर दिया गया।



बैठक में उन पदाधिकारियों से भी समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए, जो पूर्व में तीन बार विभिन्न दायित्वों पर रह चुके हैं। उनके अनुभव का लाभ लेते हुए संगठन को और प्रभावी बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों से भी बातचीत की। इस दौरान उनके कामकाज और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।

उन्होंने बताया कि नए बूथों को मजबूत करने के साथ शक्ति केंद्रों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। पार्टी का लक्ष्य विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक ढांचे को पूरी तरह सक्रिय करना है।



बैठक में पार्टी पदाधिकारियों को जनता के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।


प्रदेश कार्यसमिति के सत्र के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा की कोर कमेटी की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी चुनावी चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया।
कोर कमेटी की बैठक में विधानसभा चुनाव 2027 के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई। भाजपा ने साफ संकेत दिया है कि मिशन 2027 के लिए पार्टी बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत कर चुनावी तैयारियों को अभी से धार देने में जुट गई है।

