ओमप्रकाश बने लोहाघाट के नए थानाध्यक्ष, नशे और साइबर अपराध पर रहेगा सख्त रुख

ओमप्रकाश बने लोहाघाट के नए थानाध्यक्ष, नशे और साइबर अपराध पर रहेगा सख्त रुख

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

चंपावत जिले के लोहाघाट थाने में नए थानाध्यक्ष के रूप में ओमप्रकाश ने कार्यभार संभाल लिया है। पूर्व थानाध्यक्ष अशोक कुमार का स्थानांतरण ऊधम सिंह नगर जिले में होने के बाद यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है।

पुलिस अधीक्षक चंपावत रेखा यादव के निर्देश पर ओमप्रकाश को लोहाघाट थाने का नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने थाना क्षेत्र की कानून व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

बुधवार को मीडिया से बातचीत करते हुए नवागत थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने कहा कि एसपी चंपावत ने उन्हें लोहाघाट थाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है और वह इसका पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशे के कारोबार और नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नशे से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने साइबर अपराध को भी बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही लोगों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोहाघाट नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे। यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के साथ लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

नए थानाध्यक्ष ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें। उन्होंने कहा कि नाबालिगों के वाहन चलाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और यह यातायात नियमों का उल्लंघन भी है।

ओमप्रकाश ने लोगों से साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने और संदिग्ध फोन कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

थानाध्यक्ष ने कहा कि लोहाघाट पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है। उन्होंने क्षेत्र में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।