
स्थान : लालकुआं
ब्योरो रिपोर्ट


लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बेरीपड़ाव-दुर्गापालपुर परमा स्थित ग्राम सभा हिम्मतपुर चौम्वाल में गुरुवार सुबह गुलदार दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सुबह करीब छह बजे BCRM स्कूल के पास एक बड़ा गुलदार नजर आया। गुलदार की मौजूदगी वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।

बताया जा रहा है कि सुबह नजदीकी मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे पुजारी का अचानक गुलदार से सामना हो गया। आमना-सामना होने पर गुलदार पुजारी को देखकर गुर्राने लगा। इससे घबराए पुजारी ने शोर मचाना शुरू कर दिया।




पुजारी की आवाज सुनकर सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे लोग भी मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों के पहुंचने के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर शोर मचाकर गुलदार को वहां से भगाने का प्रयास किया।

गुलदार के आबादी क्षेत्र के नजदीक दिखाई देने की घटना से ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर सुबह के समय पैदल निकलने वाले लोगों और बच्चों को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं।


घटना की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को दे दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

लोगों के शोर से गुलदार वहां से निकलकर पास स्थित गन्ने के खेत में जा घुसा। इसके बाद ग्रामीणों में और अधिक दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि गुलदार अभी भी गन्ने के खेत में छिपा हो सकता है, जिससे आसपास के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।



ग्रामीणों ने गुलदार को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है। लोगों का कहना है कि आबादी के बेहद करीब गुलदार की मौजूदगी गंभीर चिंता का विषय है और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर क्षेत्र से दूर ले जाना जरूरी है।

फिलहाल गुलदार के गन्ने के खेत में छिपे होने की सूचना के बाद ग्रामीण सतर्क हैं। वन विभाग की कार्रवाई और गुलदार की गतिविधियों पर क्षेत्रवासियों की नजर बनी हुई है। ग्रामीणों ने लोगों से सावधानी बरतने और अकेले खेतों या सुनसान रास्तों की ओर न जाने की अपील की है।

