जलवायु टावर्स में दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम, धुनुची नृत्य और डांडिया नाइट ने बांधा समां

जलवायु टावर्स में दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम, धुनुची नृत्य और डांडिया नाइट ने बांधा समां

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

झाझरा स्थित जलवायु टावर्स में दुर्गा पूजा समिति एवं कल्चरल एसोसिएशन (पंजी.) की ओर से आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव में रविवार को महासप्तमी पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों, बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से परिसर भक्तिमय और उत्सवी माहौल में सराबोर रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः महासप्तमी पूजा के साथ हुई। सुबह 11 बजे श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया और दोपहर में मां को भोग अर्पित किया गया। समिति की ओर से आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

महोत्सव के दौरान बच्चों और सोसाइटी के निवासियों के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नन्हे प्रतिभागियों ने रंग-बिरंगी वेशभूषा में अपनी प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। वहीं, ड्रॉइंग प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

धार्मिक गतिविधियों के बीच आयोजित शंख प्रतियोगिता ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इन आयोजनों के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला, वहीं सोसाइटी के निवासियों ने भी उत्सव में बढ़-चढ़कर भागीदारी की।

शाम को ढाक की थाप पर आयोजित धुनुची नृत्य महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहा। पारंपरिक अंदाज में प्रस्तुत इस नृत्य ने बंगाली दुर्गा पूजा की सांस्कृतिक छटा बिखेर दी। संध्या आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की आराधना की और पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

संध्या आरती के बाद सोसाइटी की महिलाओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद श्री डोलन घोष के नेतृत्व में आयोजित ऑर्केस्ट्रा की सुरीली प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। देर शाम आयोजित डांडिया नाइट में सोसाइटी के निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संगीत की धुनों पर उत्सव का आनंद उठाया।

इस अवसर पर समिति के तरित मित्रा, मृगेन्द्र चौधरी, सुधीर जैन, अरूप चक्रवर्ती, तनुप्रिया चौधरी, देबज्योति, विनय कांडपाल, देबाशीष, संदीप, अभिजीत, दीपक रंजन, चंदना मित्रा, कल्याणी, ऋतुपर्णा, मीनाक्षी, जॉली सेन, डोलन और गार्गी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन में सहभागिता कर महोत्सव की रौनक बढ़ाई।

जलवायु टावर्स में आयोजित दुर्गा पूजा महोत्सव ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामुदायिक एकता का सुंदर संदेश दिया। पूजा-अर्चना से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक, हर आयोजन में श्रद्धालुओं और निवासियों का उत्साह देखने को मिला। महोत्सव ने लोगों को एक साथ जोड़ने और परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान किया।