
स्थान : टिहरी
रिपोर्टर : दीपक नोटियाल

साइबर अपराधों से बचाव और वित्तीय समझ विकसित करने के उद्देश्य से बजाज फाइनेंस लिमिटेड और उत्तराखंड पुलिस ने टिहरी जिले के लंबगांव और प्रतापनगर में जागरूकता अभियान चलाया। ‘अर्थसूत्र संवाद’ के तहत आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, बचत, जिम्मेदारी से ऋण लेने और डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। इस दौरान सैकड़ों विद्यार्थियों ने महंगे मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स खरीदने के लिए माता-पिता पर दबाव नहीं डालने की शपथ ली।

यह जागरूकता कार्यक्रम अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रतापनगर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतना और निजी जानकारी सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।




पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ आधार नंबर, ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से भी बचें। अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही साइबर ठगी का कारण बन सकती है।

लंबगांव थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत, एएसआई आनंद सिंह रावत, हेड कांस्टेबल अनिल भट्ट और नीरज चौहान ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत ने बताया कि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसे ‘गोल्डन ऑवर’ कहा जाता है। ठगी का पता चलते ही राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर सूचना देने से ठगी की रकम को ट्रैक करने और उसे रोकने की संभावना बढ़ सकती है।



कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वित्तीय अनुशासन और बचत का महत्व भी समझाया गया। उन्हें बताया गया कि साथियों के दबाव में आकर महंगे मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक सामान ईएमआई पर खरीदने की जिद करने से परिवार के बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। विद्यार्थियों को अपनी जरूरतों के अनुसार खर्च करने, बचत की आदत विकसित करने और खरीदारी से पहले सोच-विचार करने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को सिबिल (CIBIL) स्कोर और जिम्मेदारी से ऋण लेने की जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि समय पर ऋण का भुगतान और बेहतर वित्तीय व्यवहार भविष्य में कर्ज प्राप्त करने की पात्रता को प्रभावित कर सकते हैं। जरूरत के मुताबिक ही ऋण लेने और उसकी भुगतान क्षमता का आकलन करने पर भी जोर दिया गया।




कार्यक्रम में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव के प्रधानाचार्य धनराज सिंह कोहली और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रतापनगर की प्रधानाचार्या यशोदा चौधरी मौजूद रहीं। बजाज फाइनेंस के प्रवक्ता ने बताया कि ‘अर्थसूत्र संवाद’ का उद्देश्य लोगों को वित्तीय रूप से जागरूक, आत्मविश्वासी और सुरक्षित बनाना है। इसके तहत सही वित्तीय योजना, जिम्मेदारी से उधार लेने और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।
अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्कता, वित्तीय अनुशासन और समय पर शिकायत बेहद जरूरी हैं। साथ ही, बचत की आदत अपनाकर और अनावश्यक खर्च से बचकर वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाए रखने में भी योगदान दे सकते हैं।

