
स्थान : रुड़की
ब्योरो रिपोर्ट


भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा के संकल्प को लेकर रुड़की में रक्षा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साकेत कॉलोनी स्थित हरमिलाप धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।


कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी सुभाष सरीन समेत अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान महिलाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही और कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।



कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भाजपा नेता चेरब जैन को राखी बांधी। राखी बंधवाने के बाद चेरब जैन की ओर से सभी महिलाओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।


चेरब जैन ने कहा कि रक्षा संकल्प केवल राखी बांधने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।



उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना केवल विशेष अवसरों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। समाज में ऐसा वातावरण तैयार करने की जरूरत है, जहां महिलाएं खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर सकें।
कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, स्नेह और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रक्षा संकल्प जैसे आयोजन सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश देते हैं।



महिलाओं ने भाजपा नेता चेरब जैन की ओर से आयोजित इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को लेकर समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम के माध्यम से भाई-बहन के रिश्ते की गरिमा के साथ महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। आयोजकों ने कहा कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहने चाहिए।

