
स्थान : देहरादून
ब्योरो रिपोर्ट


शहर में विक्रम, ऑटो और सिटी बसों द्वारा निर्धारित रूट का उल्लंघन करने और ओवरलोडिंग की बढ़ती शिकायतों को परिवहन विभाग ने गंभीरता से लिया है। यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए विभाग ने सार्वजनिक वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान तेज कर दिया है।

आरटीओ (प्रवर्तन) डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि लोकल रूटों पर संचालित विक्रम, ऑटो और सिटी बसों की नियमित जांच की जा रही है। प्रवर्तन दल अलग-अलग स्थानों पर वाहनों को रोककर नियमों का पालन सुनिश्चित कर रहा है।




चेकिंग के दौरान वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेजों की मौके पर जांच की जा रही है। इसके साथ ही ओवरलोडिंग और निर्धारित रूट से हटकर वाहन संचालित करने के मामलों पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।


परिवहन विभाग की ओर से वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अवेयरनेस कैंप भी लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से चालकों को यात्रियों की सुरक्षा और निर्धारित नियमों का पालन करने की जानकारी दी जा रही है।


आरटीओ प्रवर्तन ने कहा कि मीडिया और जनता की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों को विभाग ने गंभीरता से लिया है। शिकायतों के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों में प्रवर्तन दल की निगरानी और चेकिंग बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखना विभाग की प्राथमिकता है। निर्धारित रूट का उल्लंघन करने और क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे परमिट में निर्धारित रूट का ही इस्तेमाल करें और वाहन में क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाएं। नियमों की अनदेखी करने से न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि चेकिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग का कहना है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

