
स्थान : ऊधम सिंह नगर
ब्यूरो रिपोर्ट


ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर के मोहल्ला छिपियान में बच्चों के बीच खेल-खेल में हुआ विवाद बेहद गंभीर हो गया। बैडमिंटन खेलने के दौरान हुए विवाद में एक 9 वर्षीय बच्चे ने कथित तौर पर 11 वर्षीय बच्चे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।


बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे आपस में बैडमिंटन खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर 9 वर्षीय बच्चे ने कथित तौर पर 11 वर्षीय बच्चे पर चाकू से वार कर दिया।


चाकू लगने से 11 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर बच्चा मौके से फरार हो गया। वहीं गंभीर रूप से घायल बच्चा किसी तरह अपने घर के सामने स्थित मेडिकल स्टोर पर पहुंचा, जहां उसने पट्टी कराने की कोशिश की।


मेडिकल स्टोर के सामने ही घायल बच्चे की हालत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। बच्चे के बेहोश होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।


सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इलाज के दौरान मौत हो गई।

बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना के बाद मोहल्ले में भी मातम पसरा है। खेल के दौरान मामूली विवाद में बच्चे की जान चले जाने की घटना से स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं।



घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े लोगों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और घटना की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस फरार बताए जा रहे 9 वर्षीय बच्चे के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। चूंकि मामला नाबालिग बच्चों से जुड़ा है, इसलिए पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बैडमिंटन खेलते समय शुरू हुआ विवाद किस परिस्थिति में चाकू से हमले तक पहुंचा, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। घटना के बाद मोहल्ले में सुरक्षा और बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर भी लोगों में चिंता का माहौल है।

