स्थान : नैनीताल
ब्यूरो रिपोर्ट


रुद्रपुर में आयोजित 24वीं उत्तराखंड प्रादेशिक अंतर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस बॉक्सिंग, कुश्ती, बॉडी बिल्डिंग एवं आर्म कुश्ती प्रतियोगिता-2026 में नैनीताल पुलिस के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में नैनीताल पुलिस के खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल किए।


17 अगस्त से 19 अगस्त 2026 तक पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा पीएसी, आईआरबी, एसडीआरएफ और जीआरपी की कुल 15 टीमों के 161 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


समापन समारोह में मुख्य अतिथि आईजी कुमाऊं रेंज निवेदिता कुकरेती और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर एवं आयोजन सचिव अजय गणपति ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


आर्म कुश्ती प्रतियोगिता में नैनीताल पुलिस के संजय सिंह ने 70 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं त्रिलोक सिंह ने 90 किलोग्राम भार वर्ग में द्वितीय स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में भारती ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त कर टीम का मान बढ़ाया।

कुश्ती प्रतियोगिता में भी नैनीताल पुलिस के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। रवि राणा ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कृष्णा कुमार ने 75 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में महिला कांस्टेबल आरती ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।

बॉक्सिंग प्रतियोगिता में नैनीताल पुलिस की दिव्या डांगी ने 45 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया। इसके अलावा महिला बॉक्सिंग टीम ने सामूहिक प्रदर्शन के आधार पर प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।



बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में भी नैनीताल पुलिस के खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। रवि राणा ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। अलग-अलग स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के लगातार बेहतरीन प्रदर्शन से नैनीताल पुलिस टीम का मनोबल बढ़ा।
प्रतियोगिता में नैनीताल पुलिस के खिलाड़ियों द्वारा विभिन्न स्पर्धाओं में शीर्ष दो स्थानों पर प्रदर्शन करने पर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है। अधिकारियों ने खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और खेल भावना की सराहना करते हुए उनके प्रदर्शन को टीम के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता खिलाड़ियों और पूरी टीम को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

