स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


देहरादून में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में जलागम विभाग के विकास कार्यों और प्रदेश की नदियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवीकरण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश और नैनीताल जनपद में प्राकृतिक जल स्रोतों, धाराओं एवं सहायक नदियों के संरक्षण, उपचार और पुनर्जीवीकरण के लिए तैयार की जा रही विस्तृत परियोजना रिपोर्ट की प्रगति की समीक्षा की गई।


बैठक में गौला और लधिया नदियों सहित प्रदेश की अन्य नदियों के कैचमेंट क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि स्प्रिंग एंड रिवर रिजूविनेशन अथॉरिटी (SARRA) के माध्यम से वैज्ञानिक तरीके से नदी पुनर्जीवीकरण और कैचमेंट उपचार का कार्य चरणबद्ध रूप से किया जा रहा है।


अधिकारियों ने बताया कि गौला और लधिया नदियों के संपूर्ण कैचमेंट क्षेत्र का विस्तृत सर्वेक्षण कराया जा रहा है। सर्वेक्षण के बाद प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थान GBPNIHE के माध्यम से तकनीकी अध्ययन और रिपोर्ट तैयार कराई जाएगी। इसके आधार पर प्राथमिकता के अनुसार चरणबद्ध तरीके से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट यानी DPR तैयार की जाएगी।


बैठक में बताया गया कि दोनों नदियों के अंतर्गत 19 सूक्ष्म जलागम क्षेत्र आते हैं, जिनमें करीब 475 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। क्षेत्रफल अधिक होने और विभागीय संसाधनों की सीमित उपलब्धता के चलते सर्वेक्षण कार्य में अपेक्षाकृत अधिक समय लग रहा है। हालांकि उपलब्ध संसाधनों के समन्वित उपयोग से चयनित सूक्ष्म जलागम क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में सर्वेक्षण कार्य पूरा किया जा चुका है।


मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को नदी संरक्षण और पुनर्जीवीकरण से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। साथ ही प्रावधानों के अनुसार चयन प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जलागम विभाग के तहत आयोजित क्षमता विकास कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण सामग्री के लिए इस्तेमाल होने वाले बैग पर संबंधित परियोजना और विभाग का लोगो अंकित किया जाए तथा प्लास्टिक के बजाय जूट या कपड़े से बने इको-फ्रेंडली बैग का इस्तेमाल किया जाए।




मंत्री कैड़ा ने जलागम विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। उन्होंने विभागीय योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही विश्व बैंक पोषित UCRRFP परियोजना के तहत प्रस्तावित कार्यों से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने को कहा।
बैठक में विश्व बैंक पोषित UCRRFP परियोजना के तहत प्रदेश और नैनीताल जनपद की चयनित ग्राम पंचायतों में द्वितीय चरण की अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा परियोजना के तहत चयनित सीमांत एवं कमजोर वर्ग के व्यक्तियों और समूहों को आय अर्जन से जुड़ी गतिविधियों के लिए सहयोग उपलब्ध कराने तथा ग्राम पंचायतों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक के अंत में मंत्री राम सिंह कैड़ा ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। सचिव जलागम, उत्तराखंड शासन दलीप जवारकर ने भी संबंधित अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में जलागम विभाग के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

