बारिश से बैजरो डिवीजन की सड़कें बंद, ग्रामीण परेशान

बारिश से बैजरो डिवीजन की सड़कें बंद, ग्रामीण परेशान

स्थान : पौड़ी
ब्यूरो रिपोर्ट

जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बैजरो डिवीजन के अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की कई सड़कें जगह-जगह बंद हो गई हैं। बारिश के साथ हुए भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कें बंद होने से स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

बैजरो डिवीजन के अधिशासी अभियंता पी.एस. बिष्ट ने बताया कि डिवीजन के अंतर्गत कुल 18 सड़कें हैं, जिनमें से 2 से 3 सड़कें बारिश और भूस्खलन के कारण प्रभावित हुई हैं। विभाग की ओर से बंद सड़कों को जल्द से जल्द खोलने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सड़कें बंद होने की सूचना मिलते ही मौके पर जेसीबी मशीनें भेजी जा रही हैं।

अधिशासी अभियंता के अनुसार विभाग ने जेसीबी मशीनों के साथ ऑपरेटरों को भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात कर दिया है। जहां भी भूस्खलन के कारण सड़कें बंद हो रही हैं, वहां तत्काल मशीन भेजकर मलबा हटाया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि लोगों को लंबे समय तक सड़क बंद होने की समस्या का सामना न करना पड़े और कुछ ही घंटों में मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया जा सके।

बारिश के मौसम को देखते हुए विभाग ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों और जेई को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अधिशासी अभियंता ने स्पष्ट किया है कि सड़क खोलने के कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए तेल और अन्य जरूरी सामान का पर्याप्त स्टॉक पहले से ही रखा गया है, ताकि मशीनों के संचालन में किसी तरह की परेशानी न आए।

वहीं पौड़ी जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने भी संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर बारिश से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोला जाए और ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न होने दी जाए। जिला प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण कई संपर्क मार्ग बंद होने से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्कूली बच्चों को स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में परेशानी हो रही है। वहीं रोजमर्रा का सामान लाने-ले जाने में भी लोगों को काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है। किंगोडीखाल जैसी सड़कों के बंद होने के कारण ग्रामीणों को कई जगह करीब एक किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ रहा है।

जिला प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान धैर्य बनाए रखें और कहीं भी सड़क बंद होने या मलबा आने की सूचना तत्काल जिला आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 1077 और 01368-222210 पर दें। इसके अलावा बैजरो डिवीजन के पीएमजीएसवाई अधिकारियों को भी सूचना देने की अपील की गई है, ताकि शिकायत मिलते ही मौके पर टीम भेजकर रास्ता खोलने की कार्रवाई की जा सके।

मौसम विभाग की ओर से अगले एक-दो दिन और बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में प्रशासन और विभागीय टीमें अलर्ट मोड पर हैं। अधिकारियों का दावा है कि मौसम में सुधार होते ही युद्धस्तर पर काम करते हुए सभी प्रभावित सड़कों को 24 से 48 घंटे के भीतर खोलने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही सड़कें बहाल होंगी और उनका जरूरी आवागमन सामान्य हो सकेगा।