NDA सांसदों से पीएम मोदी बोले- चिंता की जरूरत नहीं, मैं आपके साथ हूं; संसद में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील

NDA सांसदों से पीएम मोदी बोले- चिंता की जरूरत नहीं, मैं आपके साथ हूं; संसद में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील

ब्यूरो रिपोर्ट

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को एनडीए के सहयोगी दलों के सांसदों से मुलाकात कर उन्हें एकजुटता का संदेश दिया। प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र के शिवसेना (शिंदे गुट) और अन्य सहयोगी दलों के सांसदों के साथ नाश्ते पर बैठक की और कहा कि एनडीए एक परिवार है, किसी भी सांसद को चिंता करने की जरूरत नहीं है।

बैठक के दौरान पीएम मोदी ने सांसदों से संसद की कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांसदों को संसद के इतिहास को पढ़ना चाहिए, महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी जुटानी चाहिए और बहस की बेहतर तैयारी के लिए उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करना चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्यों के विकास से ही देश का विकास संभव है। उन्होंने सांसदों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनता से जुड़े मुद्दों पर काम करने और विकास कार्यों को गति देने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार और एनडीए नेतृत्व सभी सहयोगी दलों के साथ खड़ा है।

पीएम मोदी ने बैठक में कहा कि हर सांसद का सम्मान किया जाएगा और सभी को अपनी भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि एनडीए केवल राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह है, जिसमें सभी घटक दलों और सांसदों का महत्व समान है।

बैठक में प्रधानमंत्री ने करीब 45 सांसदों से मुलाकात की। इनमें शिवसेना (शिंदे गुट), एनसीपी और अन्य सहयोगी दलों के सांसद शामिल रहे। उन्होंने सांसदों से कहा कि वे अपने संसदीय क्षेत्रों के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की योजनाओं का प्रभावी उपयोग करें।

प्रधानमंत्री ने सांसदों से व्यक्तिगत बातचीत कर उनका हालचाल भी जाना। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को स्वास्थ्य का ध्यान रखने और लगातार जनता के बीच रहने की सलाह दी। पीएम मोदी ने कहा कि गरीब, मजदूर और किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझना सांसदों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने पूर्वोत्तर राज्यों के विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य देश के हर क्षेत्र का समान विकास करना है और एनडीए के लिए सांसदों की संख्या नहीं, बल्कि उनकी भूमिका और योगदान महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री ने एनडीए को मजबूत बनाने और मिलकर देश के विकास के लिए काम करने का संदेश दिया। उन्होंने सांसदों से कहा कि वे संगठन की भावना के साथ काम करें और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।