हरिद्वार में ई-रिक्शा डीलरशिप पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन प्रतिष्ठान सील

हरिद्वार में ई-रिक्शा डीलरशिप पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन प्रतिष्ठान सील

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर हरिद्वार में परिवहन विभाग द्वारा ई-रिक्शा डीलरशिपों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से वाहन कारोबार से जुड़े संचालकों में हड़कंप मच गया।

अभियान के तहत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा और नेहा झा के नेतृत्व में जगजीतपुर क्षेत्र में संचालित विभिन्न ई-रिक्शा डीलरशिपों का गहन निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने डीलरशिपों के ट्रेड सर्टिफिकेट, अग्रिम कर भुगतान, रजिस्ट्रेशन से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य वैधानिक अभिलेखों की बारीकी से जांच की।

जांच में कई स्थानों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर परिवहन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन ई-रिक्शा डीलरशिपों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

इसके अलावा चार अन्य प्रतिष्ठान निरीक्षण के दौरान बंद पाए गए। इन सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए संबंधित शटरों पर नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं।

विभाग ने सभी संबंधित डीलरों को निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि नियमों का पालन न करने पर आगे और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बिना वैध ट्रेड सर्टिफिकेट और कर भुगतान के वाहन व्यवसाय संचालित करना नियमों का गंभीर उल्लंघन है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी नियमित निरीक्षण अभियान जारी रहेगा, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में वाहन डीलरशिप संचालकों में सतर्कता देखी जा रही है और कई जगहों पर दस्तावेजों की जांच और व्यवस्था को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।