खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का कथित ऑडियो वायरल, राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज

खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का कथित ऑडियो वायरल, राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

हरिद्वार खानपुर सीट से पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर एक बार फिर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।

वायरल ऑडियो में कथित तौर पर चैंपियन द्वारा गाली-गलौज और आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने की बात सामने आ रही है। इसमें विधायकों और मंत्रियों को लेकर भी विवादित भाषा के प्रयोग के आरोप लगाए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार यह ऑडियो कथित रूप से वाहन काफिले के पीछे चलने को लेकर चालक जोगेंद्र के साथ हुई फोन बातचीत का बताया जा रहा है। बातचीत के दौरान तीखी नोकझोंक होने की बात भी कही जा रही है।

ऑडियो में चालक जोगेंद्र को बार-बार माफी मांगते हुए सुना जा सकता है, जबकि दूसरी ओर से कथित तौर पर धमकी भरी भाषा का प्रयोग किए जाने का दावा किया जा रहा है।

इस कथित ऑडियो के सामने आने के बाद पूर्व विधायक चैंपियन एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं के केंद्र में आ गए हैं। चुनावी माहौल के बीच इस मामले ने सियासी तापमान और बढ़ा दिया है।

स्थानीय स्तर पर इस वायरल ऑडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे गंभीर मामला बता रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक साजिश करार दे रहे हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन से जुड़े कई कथित विवादित ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं, जिनको लेकर पहले भी चर्चा और विवाद की स्थिति बनती रही है।

फिलहाल इस वायरल ऑडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, और संबंधित पक्षों की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।