

स्थान : गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)
ब्यूरो रिपोर्ट


गदरपुर सिख संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के प्रदेश अध्यक्ष सलविंदर सिंह कलसी ने सोमवार को गुरुद्वारा सिंह सभा गदरपुर में पत्रकार वार्ता कर उत्तराखंड के कर्णप्रयाग और नगरासू गुरुद्वारा से जुड़ी घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने प्रशासन से दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।


पत्रकार वार्ता के दौरान सलविंदर सिंह कलसी ने कहा कि कर्णप्रयाग और नगरासू की घटनाओं को लेकर जिस प्रकार की खबरें सामने आ रही हैं, उनसे समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स घटनाओं को एकतरफा तरीके से प्रस्तुत कर रही हैं, जिससे माहौल प्रभावित हो रहा है।


उन्होंने कहा कि सिख समाज हमेशा शांति, सेवा और भाईचारे की भावना में विश्वास रखता है। गुरु के उपदेशों का पालन करते हुए सिख समाज जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहता है और किसी भी प्रकार की हिंसा या टकराव में विश्वास नहीं करता।


कर्णप्रयाग की घटना का उल्लेख करते हुए कलसी ने कहा कि यह मामला स्थानीय व्यापारियों और सिख यात्रियों के बीच विवाद से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण में एक पक्ष के खिलाफ ही कार्रवाई की गई, जो न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने पर दोनों पक्षों पर समान रूप से कार्रवाई की जाए।
नगरासू गुरुद्वारा घटना पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि वहां मौजूद निहंग सिंहों के पास जो शस्त्र थे, वे आत्मरक्षा के उद्देश्य से रखे गए थे। उनका उद्देश्य किसी भी प्रकार की हिंसक या अमानवीय गतिविधि करना नहीं था। उन्होंने कहा कि इस पहलू को भी जांच का हिस्सा बनाया जाना चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

सलविंदर सिंह कलसी ने प्रशासन से अपील की कि सिख श्रद्धालुओं को बेवजह परेशान न किया जाए और सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने कहा कि केवल आरोपों के आधार पर कार्रवाई करना उचित नहीं है।


पत्रकार वार्ता में संगठन के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, अमन ढिल्लों और कुलबीर सिंह भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कर्णप्रयाग और नगरासू घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई और वास्तविक दोषियों पर कार्रवाई की बात कही।
अंत में सलविंदर सिंह कलसी ने कहा कि यदि प्रशासन निष्पक्षता से जांच करेगा तो सच्चाई स्वयं सामने आ जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और समाज में आपसी सौहार्द एवं शांति बनाए रखें।

