लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के विरोध में एमबीपीजी महाविद्यालय से कैंडल मार्च, मृतकों को दी श्रद्धांजलि

लखनऊ कोचिंग अग्निकांड के विरोध में एमबीपीजी महाविद्यालय से कैंडल मार्च, मृतकों को दी श्रद्धांजलि

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट

लखनऊ के खंडवा कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में 15 छात्र-छात्राओं की असमय मृत्यु के विरोध और शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए मंगलवार को एमबीपीजी महाविद्यालय से कैंडल मार्च निकाला गया। इस मार्च का नेतृत्व जिला महासचिव मनदीप सिंह गुजराल ने किया।

कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा नेता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मौन रखकर उनकी शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पूरे माहौल में गहरा शोक और आक्रोश देखा गया।

आयोजकों ने इस घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि एक साथ 15 मासूम विद्यार्थियों की मृत्यु पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से उन्हें इस कठिन समय में शक्ति देने की प्रार्थना की।

कैंडल मार्च के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह घटना शिक्षा संस्थानों और कोचिंग सेंटरों में फायर सेफ्टी मानकों की गंभीर अनदेखी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य संवारने वाले संस्थान यदि सुरक्षा में लापरवाही बरतें तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी शैक्षणिक संस्थानों और कोचिंग सेंटरों का तत्काल फायर सेफ्टी ऑडिट कराने की भी मांग की गई।

उन्होंने यह भी मांग रखी कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानक पूरे नहीं हैं, उन्हें तुरंत सील किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

कैंडल मार्च में शामिल युवाओं ने मृतक छात्र-छात्राओं के परिजनों को उचित मुआवजा और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुमित कुमार, युवा कांग्रेस हल्द्वानी, प्रदेश महासचिव अनस हुसैन, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष गुरप्रीत सिंह प्रिंस, प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू, जिला महासचिव अमन, छात्र नेता मेहुल शाह, भविष्य रावत, हर्ष शर्मा, मयंक गोस्वामी, वंश अरोड़ा, सुशील कनवाल, चंदू मेहता, शुभम जोशी, मानस, रजत कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।