

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में बुधवार को एक अज्ञात चोर द्वारा घर के बाहर खड़ी साइकिल चोरी करने का मामला सामने आया है। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


जानकारी के अनुसार यह साइकिल शुभम जिंदल के घर के बाहर खड़ी थी, जिसे पड़ोस में रहने वाला प्रशांत पांडे नामक बच्चा खेलने के लिए लेकर आया था। बच्चे ने अपनी साइकिल घर के बाहर खड़ी की और अंदर खेलने चला गया।



इसी दौरान आसमानी रंग की शर्ट पहने एक अज्ञात युवक मौके पर पहुंचा और आसपास नजर रखने के बाद साइकिल चोरी कर फरार हो गया। चोर बड़ी ही सहजता से साइकिल लेकर मौके से चला गया, जिससे किसी को तत्काल इसकी भनक तक नहीं लगी।


कुछ देर बाद जब बच्चा बाहर आया तो साइकिल गायब थी। इसके बाद परिजनों ने आसपास तलाश की और सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें पूरी वारदात कैद मिली।
सीसीटीवी वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि संदिग्ध युवक पहले मौके पर टहलता है और स्थिति का जायजा लेता है। इसके बाद वह मौका देखकर साइकिल पर बैठता है और उसे लेकर आराम से फरार हो जाता है।

घटना की जानकारी मिलते ही शुभम जिंदल ने पुलिस को सूचना दी और अज्ञात चोर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


गंगनहर कोतवाली पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है और लोगों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

