

ब्यूरो रिपोर्ट


नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (National Testing Agency) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर छात्रों और अभिभावकों के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश जारी किया है। एजेंसी ने सभी से अपील की है कि वे शांत रहें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।


एनटीए ने स्पष्ट किया है कि NEET UG परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 21 जून को ही आयोजित की जाएगी। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


एनटीए ने अपने संदेश में छात्रों और अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा मंत्रालय, राज्य सरकारों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। साथ ही, परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।


एजेंसी ने यह भी कहा कि केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा किया जाए और परीक्षा स्थगित होने या बदलाव से जुड़ी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दिया जाए।
छात्रों की सहायता के लिए एनटीए ने मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन नंबर 14416 भी जारी किया है, ताकि किसी भी प्रकार के तनाव या समस्या की स्थिति में छात्र सहायता प्राप्त कर सकें। एजेंसी ने अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की है कि वे विद्यार्थियों को सकारात्मक माहौल दें और उन्हें भ्रामक जानकारी से दूर रखें।

एनटीए ने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में आयोजित परीक्षाओं से मिले अनुभवों का उपयोग कर परीक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाया गया है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।



