NEET UG परीक्षा के लिए देहरादून पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

NEET UG परीक्षा के लिए देहरादून पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

21 जून को होने वाली NEET UG परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए देहरादून पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की है।

इस संबंध में एसपी क्राइम और एसपी सिटी ने पुलिस लाइन में तैनात पुलिस बल को विस्तृत ब्रीफिंग दी। अधिकारियों ने सभी जवानों को परीक्षा के दौरान सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर और सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएंगे। इसके साथ ही जोनल अधिकारी नियमित रूप से इन व्यवस्थाओं की क्रियाशीलता की जांच करेंगे, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी खामी न रहे।

परीक्षा के दिन सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। प्रत्येक परीक्षा केंद्र का सुरक्षा निरीक्षण परीक्षा शुरू होने से चार घंटे पहले किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश मार्ग और संवेदनशील बिंदुओं की जांच की जाएगी।

प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए हैं कि जिन परीक्षा केंद्रों की बाउंड्री वॉल टूटी या कमजोर है, उनकी तुरंत मरम्मत कराई जाए ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो। अभ्यर्थियों की प्रवेश के समय सख्त फ्रिस्किंग की जाएगी।

इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए केंद्रों के आसपास मोबाइल पुलिस पार्टियां भी तैनात की जाएंगी।

होटल, ढाबों और आसपास के इलाकों में भी संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जाएगी ताकि किसी भी तरह की नकल या अनियमितता की संभावना को रोका जा सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि NEET परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।