NEET UG परीक्षा को लेकर देहरादून पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

NEET UG परीक्षा को लेकर देहरादून पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट

21 जून को आयोजित होने वाली NEET UG परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए देहरादून पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां कर ली हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर एसपी क्राइम और एसपी सिटी ने पुलिस लाइन में तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा संबंधी सुरक्षा व्यवस्था की ब्रीफिंग की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था अनिवार्य की गई है। जोनल अधिकारी परीक्षा से पूर्व इन व्यवस्थाओं की क्रियाशीलता की जांच करेंगे। परीक्षा के दिन प्रत्येक केंद्र का चार घंटे पहले सुरक्षा निरीक्षण किया जाएगा ताकि किसी भी प्रकार की चूक न रहे।

परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। जिन केंद्रों की बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त है, उनकी तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सघन फ्रिस्किंग की जाएगी और परीक्षार्थियों के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास मोबाइल पुलिस पार्टियों की तैनाती की है। इसके अलावा होटल, लॉज, ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच अभियान भी शुरू कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की नकल या परीक्षा में गड़बड़ी की कोशिशों को रोका जा सके।

एसएसपी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।