रुड़की तहसील में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

रुड़की तहसील में विजिलेंस का बड़ा एक्शन, कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट

भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस विभाग ने रुड़की तहसील में बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसीलदार न्यायालय के एक कर्मचारी को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद पूरे तहसील परिसर में हड़कंप मच गया और अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार पकड़े गए कर्मचारी की पहचान संदीप के रूप में हुई है, जो तहसीलदार न्यायालय में कार्यरत बताया जा रहा है। विजिलेंस टीम को कर्मचारी के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।

बताया जा रहा है कि जैसे ही आरोपी कर्मचारी ने शिकायतकर्ता से कथित रूप से रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। कार्रवाई इतनी गोपनीय तरीके से की गई कि आरोपी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

विजिलेंस की इस कार्रवाई की खबर फैलते ही तहसील परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। कर्मचारी और आम नागरिक पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा करते नजर आए। वहीं अधिकारियों में भी मामले को लेकर हलचल बनी रही।

सूत्रों के मुताबिक विजिलेंस अधिकारी आरोपी कर्मचारी से बंद कमरे में लगातार पूछताछ कर रहे हैं। साथ ही मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे प्रकरण की तह तक पहुंचा जा सके।

किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसील परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के बीच विजिलेंस की टीम अपनी कार्रवाई को आगे बढ़ा रही है।

फिलहाल रिश्वत की रकम कितनी थी और शिकायत किस मामले से संबंधित थी, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। खबर लिखे जाने तक विजिलेंस की कार्रवाई जारी थी। मामले में आगे आने वाले तथ्यों और विभागीय कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।