

स्थान : जसपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


जसपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित रोडवेज बस अड्डे का संचालन आखिरकार शुरू हो गया। उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्षों बाद सरकारी रोडवेज बसों का संचालन प्रारंभ होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे जसपुर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।


रोडवेज बस अड्डे के शुभारंभ अवसर पर उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री Vinay Kumar Ruhela, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज पाल, नगर मंडल अध्यक्ष राजकुमार चौहान, भाजपा नेता राजकुमार गुंबर तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम वार्ड नंबर-15 मोहल्ला गांगूवाला स्थित प्रस्तावित बस अड्डा भूमि पर आयोजित किया गया।



कार्यक्रम के दौरान मंत्री विनय रुहेला का कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने पुष्पमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया। लोगों ने मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami और मंत्री विनय रुहेला का रोडवेज बस अड्डे की सौगात देने के लिए आभार व्यक्त किया। सभा में वक्ताओं ने इसे क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का परिणाम बताया।


इसके बाद मंत्री ने फीता काटकर रोडवेज बस अड्डे का औपचारिक शुभारंभ किया और हरी झंडी दिखाकर बसों के संचालन की शुरुआत कराई। विशेष बात यह रही कि मंत्री स्वयं बस में सवार हुए और यात्रियों की तरह टिकट लेकर यात्रा भी की। इस दौरान उप जिलाधिकारी राहुल शाह और तहसीलदार दिलीप सिंह नेगी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत में मंत्री विनय रुहेला ने कहा कि रोडवेज बस अड्डे की प्रक्रिया वर्ष 2011 में शुरू की गई थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय बस अड्डे को स्वीकृति मिलने के बाद कुछ राजनीतिक विवादों के कारण इसका संचालन बाधित हो गया था, जिससे परियोजना वर्षों तक आगे नहीं बढ़ सकी।

मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश और उनके प्रयासों से प्रशासन ने नई भूमि का चयन किया तथा प्रस्ताव तैयार कर परिवहन विभाग को निःशुल्क आवंटित किया। उन्होंने कहा कि भूमि आवंटन से संबंधित मामला उच्च न्यायालय तक पहुंचा था, जिसका अब निराकरण हो चुका है। बस अड्डे के पूर्ण निर्माण तक बसों का संचालन अस्थायी व्यवस्था के तहत किया जाएगा।


उन्होंने जानकारी दी कि प्रस्तावित रोडवेज बस अड्डे के विकास के लिए लगभग सात करोड़ रुपये की डीपीआर शासन को भेजी जा रही है। स्वीकृति मिलने के बाद यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय, वर्कशॉप, कैंटीन, पेट्रोल पंप और अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मंत्री ने विश्वास जताया कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद जसपुर को एक आधुनिक और सुविधायुक्त रोडवेज बस अड्डा मिलेगा, जिससे क्षेत्र के हजारों यात्रियों को लाभ होगा।

