

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


मानसून सीजन के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए उत्तराखंड में 2 जुलाई को राज्यव्यापी मानसून मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।


राज्य के सभी 13 जिलों में करीब 70 चिन्हित स्थानों पर एक साथ मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव तंत्र की तत्परता, समन्वय और कार्यक्षमता का परीक्षण किया जाएगा।


मॉक ड्रिल के तहत राहत शिविरों में बिजली, पेयजल, भोजन, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी जांच की जाएगी। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखा जाएगा।


अभ्यास में एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। मॉक ड्रिल के दौरान जलभराव, भूस्खलन, संपर्क मार्ग कटने, कट-ऑफ क्षेत्रों में फंसे लोगों के बचाव और हेली रेस्क्यू जैसे संभावित आपदा परिदृश्यों पर अभ्यास किया जाएगा।
प्रशासन का मानना है कि इस राज्यव्यापी अभ्यास से मानसून के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।


