

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी


मुख्यमंत्री के 21 जून को प्रस्तावित जनपद भ्रमण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शुक्रवार को दन्या स्थित राजकीय महाविद्यालय एवं रामलीला मैदान का निरीक्षण कर कार्यक्रम स्थल पर चल रही तैयारियों का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय से पहले सभी तैयारियां पूरी करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।


इस दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री के आगमन के लिए प्रस्तावित हेलीपैड स्थल के रूप में चिन्हित खेल मैदान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा मानकों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जाएं।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, उप जिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


