विभिन्न मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

विभिन्न मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, पेपर लीक मामलों की सीबीआई जांच, जल जीवन मिशन की समीक्षा तथा कर्णप्रयाग में हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे निहंग सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुई घटना की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

युवा ग्राम प्रधान अराज सिंह सिद्धू के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विभिन्न जनहित और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में समय-समय पर सामने आए पेपर लीक मामलों ने युवाओं का सरकारी भर्ती परीक्षाओं से भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने इन मामलों की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में जल जीवन मिशन के कार्यों पर भी सवाल उठाए गए। युवाओं का कहना था कि कई क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने का कार्य तो पूरा दिखाया गया है, लेकिन धरातल पर लोगों को नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं और पीने के पानी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। उनका कहना है कि यदि लोगों को पानी नहीं मिल रहा है तो योजना का मूल उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है।

युवा कांग्रेस ने मांग की कि जल जीवन मिशन के तहत हुए कार्यों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए और जहां भी अनियमितताएं पाई जाएं वहां जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में कर्णप्रयाग में निहंग सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुई घटना का भी उल्लेख किया गया। कार्यकर्ताओं ने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने तथा सभी पक्षों को न्याय दिलाने की मांग की।

युवा कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।