ऑपरेशन प्रहार के तहत बाजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच ईनामी वारंटी गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार के तहत बाजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच ईनामी वारंटी गिरफ्तार

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

पुलिस मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर लंबे समय से फरार चल रहे ईनामी अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बाजपुर पुलिस ने पांच ईनामी वारंटियों को गिरफ्तार किया है।

एसएसपी अजय गणपति के आदेश पर बाजपुर क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में विभिन्न न्यायालयों से जारी गैर जमानती वारंटों की तामील के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत कोतवाली प्रभारी नरेश चौहान ने अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर फरार वारंटियों की तलाश शुरू कराई।

गठित पुलिस टीमों ने गुरुवार को विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे पांच ईनामी वारंटियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार किए गए वारंटियों में भजन सिंह पुत्र गग्गा सिंह निवासी हजीरा थाना बाजपुर, राजू पुत्र स्वर्गीय राम सिंह निवासी सेमल हरसान थाना बाजपुर, सुखविंदर सिंह पुत्र जंगीर सिंह निवासी जगतपुर गुलजारपुर थाना काशीपुर, शिवकुमार उर्फ शिवा पुत्र प्रेम सिंह निवासी कनौरा दोराहा तथा महेंद्र उर्फ नन्हें पुत्र लक्ष्मण सिंह निवासी सुल्तानपुर पट्टी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार इनमें से कुछ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न मामलों में न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे और वे लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने उन्हें दबोचने में सफलता हासिल की।

कोतवाली प्रभारी नरेश चौहान ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार अपराधियों, वारंटियों और कानून से बचने वाले व्यक्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

इस अभियान में चौकी प्रभारी सुल्तानपुर पट्टी उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी दोराहा उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह मेहता, चौकी प्रभारी बरहैनी उपनिरीक्षक संदीप शर्मा सहित पुलिस कर्मियों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे तथा फरार अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।