कर्णप्रयाग घटना पर सिख समाज में रोष, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

कर्णप्रयाग घटना पर सिख समाज में रोष, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

स्थान : बाज़पुर
रिपोर्टर : विशेष शर्मा

हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहे सिख श्रद्धालुओं के साथ कर्णप्रयाग में हुई घटना को लेकर सिख समाज में रोष व्याप्त है। इसी क्रम में सर्व प्रदेश गुरुद्वारा कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष हरमिंदर सिंह ढिल्लन “लाडी” के नेतृत्व में सिख समाज के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से सिख समाज ने मामले में निष्पक्ष और न्यायसंगत कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि किसी भी विवाद में सभी पक्षों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और कानून के तहत समान रूप से कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष हरमिंदर सिंह लाडी ने कहा कि कानून सभी नागरिकों के लिए बराबर है। उन्होंने कहा कि किसी एक पक्ष को चिन्हित कर कार्रवाई करना उचित नहीं है तथा मामले में दोनों पक्षों की शिकायतों और तथ्यों को समान रूप से जांचा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा देश और दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी यात्रा है। ऐसे में यात्रा मार्ग पर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

हरमिंदर सिंह लाडी ने कहा कि सिख धर्म में कृपाण और तलवार धार्मिक प्रतीक चिह्न हैं, जिनका विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि इनका उद्देश्य आत्मरक्षा और धार्मिक परंपरा का निर्वहन है, न कि किसी प्रकार के विवाद या हिंसा को बढ़ावा देना।

उन्होंने श्रद्धालुओं से भी यात्रा के दौरान अनुशासन, संयम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि यात्रा मार्ग पर आने वाले सभी यात्रियों को स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करना चाहिए।

सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि स्थानीय लोगों को भी तीर्थयात्रियों का अतिथि के रूप में स्वागत करना चाहिए। आपसी सम्मान और सहयोग से ही धार्मिक यात्राओं का सफल संचालन संभव है।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी पक्षों को न्याय दिलाया जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि हेमकुंड साहिब यात्रा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संचालित होती रहे।