

स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए हरिद्वार पुलिस की मीडिया सेल ने ज्वालापुर पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वीडियो में कुछ युवक कारों में हूटर बजाते हुए और खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट और हुड़दंग करते नजर आ रहे थे।


पुलिस जांच में सामने आया कि यह वीडियो गुरुवार का है। बताया जा रहा है कि युवक सराय रोड क्षेत्र से एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, इसी दौरान उन्होंने सड़क पर नियमों का उल्लंघन करते हुए यह हरकत की।



मामले के सामने आने के बाद ज्वालापुर पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की और सभी को उनके वाहनों सहित कोतवाली बुलाया। पुलिस ने उनसे पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।


प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए पांच चारपहिया वाहनों को सीज कर दिया। इसके साथ ही संबंधित युवकों और उनके अभिभावकों को भी तलब किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने सभी को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही या सड़क पर स्टंटबाजी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की हरकतें न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकती हैं।


पुलिस ने अभिभावकों को भी सख्त हिदायत दी कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए जागरूक करें।


हरिद्वार पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी और सोशल मीडिया पर नजर रखी जाएगी।

