

स्थान : रुड़की
ब्यूरो रिपोर्ट


बुग्गावाला थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जो अमानतगढ़ फैक्ट्री फायरिंग कांड से जुड़ा बताया जा रहा है।


जानकारी के अनुसार, बीती देर रात बुग्गावाला पुलिस यूपी बॉर्डर क्षेत्र में नियमित चेकिंग और गश्त पर थी। इसी दौरान बंजारावाला गांव की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।



पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिरकर घायल हो गया। वहीं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।


घायल बदमाश की पहचान लुकमान पुत्र गुफरान, निवासी गोकुलवाला, थाना बुग्गावाला के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जो 9 जून को अमानतगढ़ स्थित फैक्ट्री में हुई फायरिंग की घटना से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार फरार आरोपी की पहचान गुलजार, निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार कांबिंग अभियान चला रही हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।


पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आपराधिक गतिविधियों और फैक्ट्री फायरिंग कांड से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस जंगलों व आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चला रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

