

स्थान : हल्द्वानी
ब्यूरो रिपोर्ट


देवभूमि व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने हल्द्वानी रेलवे स्टेशन परिसर पहुंचकर स्टेशन मास्टर अनिल कुमार के माध्यम से पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के महाप्रबंधक को एक ज्ञापन भेजा। इस दौरान व्यापारियों ने यात्रियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और आवश्यक सुधारों की मांग की।


देवभूमि व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष गोविंद सिंह बगड़वाल और प्रदेश उपाध्यक्ष दलजीत सिंह दल्ली के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल रेलवे स्टेशन पहुंचा और ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने कहा कि हल्द्वानी और काठगोदाम रेलवे स्टेशन व्यापारी और पर्यटक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।


ज्ञापन में बताया गया कि काठगोदाम-हल्द्वानी से दिल्ली रूट पर चलने वाली ट्रेनें पिछले कुछ समय से लगातार कई घंटों की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।


व्यापारियों ने कहा कि ट्रेनों की देरी से न केवल आम यात्रियों बल्कि पर्यटकों और व्यापारियों की यात्रा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है।
ज्ञापन में गर्मी के मौसम को देखते हुए प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो पर पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाने की मांग की गई। साथ ही स्टेशन परिसर में शौचालयों की कमी को दूर करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

व्यापार मंडल ने कहा कि बरसात के दौरान टीन शेड की कमी के कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान परेशानी होती है। ऐसे में प्लेटफॉर्म पर टीन शेड की व्यवस्था को बढ़ाया जाना जरूरी है।


इसके अलावा ज्ञापन में ट्रेनों के आवागमन के समय रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा।
इस अवसर पर गोविंद सिंह बगड़वाल, दलजीत सिंह दल्ली, प्रेम चौधरी, त्रिलोक गुप्ता, मोईन बाबा, राम प्रसाद, लक्ष्मी नारायण, जसपाल मालदार, अशोक कश्यप सहित अन्य व्यापारी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

