

स्थान : कर्णप्रयाग
ब्यूरो रिपोर्ट


कोतवाली कर्णप्रयाग क्षेत्र अंतर्गत कर्णप्रयाग बाजार स्थित कृष्णा पैलेस होटल के समीप हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुए विवाद में धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में चार लोग घायल हुए थे।


जानकारी के अनुसार मंगलवार को मामूली कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और निहंग यात्रियों द्वारा स्थानीय व्यापारियों एवं बीच-बचाव करने आए लोगों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।



पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मु0अ0सं0-17/2026, धारा 281/125/109/352/351(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामले की जांच और आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने बैरियर लगाकर त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन निहंग यात्रियों को कर्णप्रयाग क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से तीन कृपाण बरामद की गईं तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
घटना में शामिल चौथे आरोपी को बुधवार को कर्णप्रयाग चिकित्सालय से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

चारों आरोपियों को बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया, जबकि उपचाराधीन चौथे आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है।


क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा कड़ी कर दी है। गौचर-कर्णप्रयाग क्षेत्र में 01 कम्पनी आईटीबीपी एवं पीएसी बल की तैनाती की गई है। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा लगातार क्षेत्र में कैंप कर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
एसपी चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे तत्वों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली चमोली पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान के दौरान तीन व्यक्तियों—परविन्दर सिंह, परमवीर सिंह और जोधवीर सिंह, निवासी जरकपुर चंडीगढ़ के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वाहनों की जांच के दौरान हॉकी स्टिक मिलने पर उन्हें भविष्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस के अनुसार सभी मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से नियंत्रण में है।

