

स्थान : देहरादून
ब्यूरो रिपोर्ट


उत्तराखंड को जल्द ही बेहतर रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिल सकती है। दिल्ली और मेरठ के बीच संचालित नमो भारत ट्रेन सेवा को अब देहरादून और ऋषिकेश तक विस्तार देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति सामने आई है।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान इस अत्याधुनिक रेल सेवा को उत्तराखंड तक बढ़ाने का अनुरोध किया था। इस प्रस्ताव को लेकर अब केंद्र स्तर पर सकारात्मक संकेत मिले हैं।



अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मेरठ-दिल्ली रूट पर नमो भारत ट्रेन को यात्रियों का व्यापक समर्थन मिला है। उन्होंने बताया कि एक दिन में इस सेवा से रिकॉर्ड सवा लाख यात्रियों ने यात्रा की, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के अनुरोध पर भारत सरकार ने इस ट्रेन सेवा को उत्तराखंड तक विस्तार देने के प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की है। प्रस्ताव के तहत देहरादून और ऋषिकेश को इस आधुनिक रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इस परियोजना के पूरा होने के बाद उत्तराखंड और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच यात्रा समय में कमी आने की संभावना है, जिससे पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।

अधिकारियों के अनुसार यह पहल राज्य की रेल कनेक्टिविटी को नई गति देगी और पहाड़ी क्षेत्रों को राष्ट्रीय परिवहन नेटवर्क से और अधिक मजबूती से जोड़ने में सहायक होगी।


फिलहाल परियोजना से जुड़ी तकनीकी और विस्तृत योजना पर काम किया जा रहा है। माना जा रहा है कि आगामी समय में इस प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जाएगा।
यदि यह योजना धरातल पर उतरती है तो यह उत्तराखंड के परिवहन ढांचे में एक बड़ा बदलाव साबित हो सकती है, जिससे आम यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवा का लाभ मिलेगा।

