राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता: हुकम सिंह कुंवर

राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता: हुकम सिंह कुंवर

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट

राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद उत्तराखंड के अध्यक्ष एवं दर्जा मंत्री हुकम सिंह कुंवर अपने चंपावत जनपद भ्रमण के दौरान गुरुवार को लोहाघाट पहुंचे। लोहाघाट पहुंचने पर राज्य आंदोलनकारियों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

इस अवसर पर आयोजित बैठक में राज्य आंदोलनकारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से परिषद अध्यक्ष के समक्ष रखा। आंदोलनकारियों ने विशेष रूप से वंचित राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण और सम्मान से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

दर्जा मंत्री हुकम सिंह कुंवर ने आंदोलनकारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं राज्य आंदोलनकारियों की भावनाओं और समस्याओं के प्रति संवेदनशील हैं तथा उन्हें पूरा विश्वास है कि सरकार आंदोलनकारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी।

हुकम सिंह कुंवर ने कहा कि चंपावत जिले के कई राज्य आंदोलनकारी अभी भी चिन्हीकरण से वंचित हैं। इस संबंध में वह जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कर चिन्हीकरण के मानकों में आवश्यक ढील देने तथा पात्र आंदोलनकारियों को सूची में शामिल करने की मांग करेंगे।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में चंपावत जिले की मातृशक्ति, युवाओं, पत्रकारों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई थी। ऐसे में आंदोलन में योगदान देने वाले किसी भी व्यक्ति को सम्मान और पहचान से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

दर्जा मंत्री ने उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का चंपावत का विधायक बनना जिले के विकास के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उनके नेतृत्व में चंपावत सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम में अनेक राज्य आंदोलनकारी, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।