

स्थान : गदरपुर
ब्यूरो रिपोर्ट


ऊधम सिंह नगर जिले में उत्तराखंड एसटीएफ की एक बड़ी कार्रवाई ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। एसटीएफ ने गदरपुर निवासी एक युवक को कथित जिहादी और कट्टरपंथी गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से AK-47 के कारतूस सहित कई अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। मामले के सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।


एसटीएफ द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार गदरपुर निवासी अब्दुल मलिक के पुत्र मोहम्मद सलाउद्दीन को खुफिया जानकारी के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच एजेंसियों को सूचना मिली थी कि वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवाओं को प्रभावित कर कट्टरपंथी विचारधारा की ओर प्रेरित करने का प्रयास कर रहा था।



जांच के दौरान आरोपी के मोबाइल फोन की गहन पड़ताल की गई। एसटीएफ को सिग्नल, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम पर कई ऐसे ग्रुप और चैट मिले जिनमें जिहाद, शहादत और राष्ट्र-विरोधी विचारधारा से जुड़े संदेश और सामग्री साझा की जा रही थी। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि युवाओं को चरमपंथी सोच की ओर ले जाने के प्रयास किए जा रहे थे।


एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि जांच में आरोपी के कुछ अंतरराष्ट्रीय और सीमा पार मौजूद कट्टरपंथी तत्वों से संभावित संपर्कों के संकेत मिले हैं। इन संपर्कों की वास्तविकता और उनके दायरे की विस्तृत जांच की जा रही है। एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण कर रही हैं।

पूछताछ के दौरान हथियारों और विस्फोटक सामग्री के भंडारण तथा उनकी आवाजाही से जुड़ी कुछ संदिग्ध बातचीत भी सामने आई है। एसटीएफ ने इन जानकारियों की तकनीकी और फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर कड़ी को गंभीरता से खंगाला जा रहा है।


जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने मोबाइल से कुछ चैट और संपर्क विवरण डिलीट कर दिए थे। पूछताछ के दौरान उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से उसके संपर्क होने की जानकारी भी मिली है। इस व्यक्ति की भूमिका की जांच की जा रही है तथा संबंधित एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है।


एसटीएफ के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि कुछ घटनाओं से प्रभावित होकर उसने कट्टरपंथी विचारधारा अपनाई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 152 एवं 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 66(सी) और 66(एफ) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच और खुफिया सूचनाओं से संकेत मिले हैं कि आरोपी को कथित रूप से पाकिस्तान से जुड़े तथा मलेशिया में सक्रिय एक हैंडलर द्वारा संचालित किया जा रहा था। साथ ही किसी विशेष घटना को अंजाम देने की तैयारी की भी आशंका जताई गई है। मामले की सूचना सभी संबंधित खुफिया एजेंसियों को दे दी गई है और कानून के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।

