

स्थान : चंपावत
ब्यूरो रिपोर्ट


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चंपावत जिले के लोहाघाट नगर पालिका परिषद एवं विकासखंड कार्यालय परिसर में जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और उनका लाभ उठाया।


शिविर में उद्यान विभाग, कृषि विभाग, विद्युत विभाग, होम्योपैथिक विभाग, शिक्षा विभाग सहित कई अन्य विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इसके अलावा विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों ने भी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई, जिन्हें लोगों ने काफी पसंद किया।



नगर पालिका परिषद लोहाघाट के अध्यक्ष गोविंद बर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष का कार्यकाल देश के लिए बेमिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है और हर क्षेत्र में लगातार प्रगति कर रहा है।


उन्होंने बताया कि जनकल्याणकारी शिविर के माध्यम से लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। शिविर में आम जनता की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

विकासखंड कार्यालय में आयोजित शिविर का संचालन खंड विकास अधिकारी कवीन्द्र सिंह रावत के निर्देशन में किया गया। शिविर में पहुंचे लोगों ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं रखीं और आवश्यक जानकारी प्राप्त की।


शिविर में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए बिच्छू घास के पापड़ विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे। स्थानीय लोगों ने इन उत्पादों की जमकर खरीदारी की और महिला समूहों के प्रयासों की सराहना की।



खंड विकास अधिकारी कवीन्द्र सिंह रावत ने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर उनका मार्गदर्शन किया।
शिविर में उपस्थित लाभार्थियों ने इस पहल को जनहितकारी बताते हुए केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर अनेक सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ प्राप्त होता है।

