

ब्यूरो रिपोर्ट


बिहार महिला क्रिकेट में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए सीमावर्ती शहर रक्सौल की 15 वर्षीय उभरती प्रतिभा अक्षरा गुप्ता ने अंडर-19 महिला वनडे क्रिकेट में नाबाद तिहरा शतक लगाकर सभी को चौंका दिया है। उनकी इस शानदार पारी ने बिहार क्रिकेट के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है।


भागलपुर में 18 जून 2026 को आयोजित बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के महिला अंडर-19 एकदिवसीय मुकाबले में अक्षरा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 126 गेंदों में नाबाद 306 रन बनाए। उनकी इस पारी ने मैदान पर मौजूद दर्शकों को रोमांचित कर दिया।


अक्षरा की इस ऐतिहासिक पारी में कुल 55 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 242.86 रहा, जो उनकी आक्रामक और बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रमाण है। विपक्षी टीम के गेंदबाज पूरी तरह से उनके सामने बेबस नजर आए।


महज 15 वर्ष की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर अक्षरा ने न केवल अपने राज्य बल्कि पूरे देश के क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। माना जा रहा है कि महिला क्रिकेट इतिहास में इतनी कम उम्र में तिहरा शतक लगाने वाली वह पहली खिलाड़ियों में से एक बन गई हैं।

इस शानदार प्रदर्शन के बाद रक्सौल सहित पूरे पूर्वी चंपारण क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे बिहार महिला क्रिकेट के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताया है और अक्षरा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

खेल प्रेमियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी उनकी इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। संभावना के संस्थापक अध्यक्ष भरत प्रसाद गुप्ता सहित कई सामाजिक और राजनीतिक नेताओं ने इसे प्रतिभा, अनुशासन और कठिन मेहनत का परिणाम बताया।


स्थानीय स्तर पर माना जा रहा है कि अक्षरा गुप्ता का यह प्रदर्शन उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट में एक बड़ी पहचान दिला सकता है। उनकी इस पारी को बिहार क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

