भीमताल क्षेत्र के चाफी-अल्चौना-ताडा मोटर मार्ग के सुधारीकरण को 2.26 करोड़ की स्वीकृति

भीमताल क्षेत्र के चाफी-अल्चौना-ताडा मोटर मार्ग के सुधारीकरण को 2.26 करोड़ की स्वीकृति

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर
 : संजय जोशी

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के भीमताल ब्लॉक अंतर्गत चाफी से अल्चौना-ताडा मोटर मार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए अब क्षेत्रवासियों को राहत मिलने जा रही है। लंबे समय से जर्जर सड़क के कारण ग्रामीणों और किसानों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था, विशेषकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी खराब हो जाती थी।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण वाहनों का संचालन मुश्किल हो जाता था और कई बार वाहन रास्ते में फंस जाते थे, जिससे दैनिक जीवन और कृषि कार्य प्रभावित हो रहे थे। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा से मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग की थी।

जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। अब इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है और मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए 2 करोड़ 26 लाख रुपये की स्वीकृति जारी कर दी गई है। इसके साथ ही शासनादेश भी निर्गत हो चुका है।

मंत्री कैड़ा ने बताया कि अधिकारियों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस सड़क का सुधारीकरण होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और स्थानीय विकास को भी गति मिलेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में कई क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर डामरीकरण और सुधार कार्य लगातार किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत किया जाए।

स्थानीय जनता ने इस निर्णय पर मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।