

स्थान : अल्मोड़ा
रिपोर्टर : संजय जोशी


उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने गुरुवार को सर्किट हाउस अल्मोड़ा में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों, योजनाओं और कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।


बैठक के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने राज्यपाल को जनपद में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने पर्यटन विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के तहत किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।


जिलाधिकारी ने बताया कि विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार कार्य किए जा रहे हैं और कई योजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने जिले की प्रमुख उपलब्धियों और विकास कार्यों की स्थिति पर भी प्रस्तुति दी।


इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने पुलिस विभाग की गतिविधियों, कानून एवं व्यवस्था की स्थिति तथा जनसुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी राज्यपाल को दी।
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने अधिकारियों को योजनाबद्ध और लक्ष्य आधारित कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में गति और पारदर्शिता आवश्यक है ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।


उन्होंने विशेष रूप से साइबर फ्रॉड की रोकथाम, नशा उन्मूलन, महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तीकरण और पर्यटन विकास जैसे क्षेत्रों पर गंभीरता से कार्य करने पर जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि इन क्षेत्रों में प्रभावी प्रयासों से जनपद के समग्र विकास को नई दिशा और गति मिलेगी।


राज्यपाल ने जिले में चल रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी ढंग से आगे बढ़ाया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक स्तर पर विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा हुई।

