हल्द्वानी विकासखंड में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, केंद्र-राज्य योजनाओं की दी जानकारी

हल्द्वानी विकासखंड में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, केंद्र-राज्य योजनाओं की दी जानकारी

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर
: संजय जोशी

उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा राज्य सरकार के “4 साल बेमिसाल” उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के तहत विकासखंड हल्द्वानी में बहुउद्देशीय शिविर एवं विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नैनीताल-ऊधमसिंहनगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट द्वारा की गई। शिविर में विभिन्न विभागों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी आमजन को दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।

शिविर के दौरान कई विभागों ने सेवाएं प्रदान कीं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 25 व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि पंचायती राज विभाग ने परिवार रजिस्टर की 5 प्रतियां ऑनलाइन जारी कीं। ग्राम विकास विभाग ने 18 बीपीएल एवं एसईसीसी प्रमाण-पत्र वितरित किए।

इसके अलावा आधार कार्ड से संबंधित 23 अपडेट कार्य पूरे किए गए तथा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के माध्यम से 13 आवेदन ऑनलाइन अपलोड किए गए। शिविर में कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

बाल विकास विभाग द्वारा 2 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई, जबकि सहकारिता विभाग ने बिना ब्याज ऋण योजना के तहत 6 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति चेक प्रदान किए।

कार्यक्रम में अपने संबोधन में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने पशुपालकों को पशुपालन विभाग की टोल फ्री हेल्पलाइन 1962 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह सेवा पशुओं के उपचार और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान में अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक विकासखंड स्तर पर पशु चिकित्सा सेवाएं और वाहन उपलब्ध कराए गए हैं।

कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी मोनिका, तहसीलदार कुलदीप, खंड विकास अधिकारी तनवीर असगर सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। समापन अवसर पर विधायक बंशीधर भगत द्वारा उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति एवं नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई गई, जिसके बाद कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।