

स्थान :कोटद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट


आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में कोटद्वार के प्राइड मॉल के सभागार में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने क्षेत्रवासियों के साथ योगाभ्यास कर लोगों को योग के प्रति जागरूक किया।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाएं करवाई गईं, जिससे उपस्थित लोगों ने योग के लाभों का प्रत्यक्ष अनुभव किया।



इस अवसर पर ऋतु खण्डूडी भूषण ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जिसे पूरे विश्व ने अपनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के परिणामस्वरूप योग को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है और अब यह वैश्विक स्तर पर उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति और जीवन में संतुलन स्थापित करने का भी प्रभावी साधन है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त रहता है और उसकी कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योगा मैट भी वितरित किए गए। साथ ही उन्हें नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और अधिक बढ़ सके।

ऋतु खण्डूडी भूषण ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक योग को अपने जीवन का हिस्सा बना ले, तो ‘स्वस्थ और सशक्त भारत’ के संकल्प को और अधिक मजबूती मिलेगी।



